रावलाकोट (पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर):पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अकील (Aqeel) ने दावा किया है कि क्षेत्र में जारी विरोध-प्रदर्शन और तेज़ होगा। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JKJAAC) आगामी 13 अगस्त को एक “बड़ा और कड़ा ऐलान” (Strong Announcement) करने वाली है, जिसका जनता बेसब्री से इंतज़ार कर रही है।
टी चौक पर डटे हैं प्रदर्शनकारी:
रावलाकोट के टी चौक (Tee Chowk) से बात करते हुए अकील ने कहा कि एक्शन कमेटी ने एक दिन पहले एक नया ‘अलामिया’ (घोषणापत्र/एजेंडा) जारी किया था, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने साफ किया कि “लोग इस जगह को छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे” और मांगे पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सुरक्षा बलों पर डर फैलाने का आरोप:
अकील ने आरोप लगाया कि इलाके में सुरक्षा बल डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, क्षेत्र में ड्रोन उड़ते देखे गए हैं और रात 9 बजे से सुबह तक फायरिंग की घटनाएं होती हैं। इसके अलावा, टी चौक खाली कराने के लिए मस्जिदों के लाउडस्पीकर से भी घोषणाएं करवाई जा रही हैं।
चुनावों का बहिष्कार:
बाग (Bagh), रावलाकोट (Rawalakot) और हवेली (Haveli) जैसे इलाकों में चल रहे चुनावी अभियानों पर बात करते हुए अकील ने दावा किया कि आम जनता ने चुनाव प्रक्रिया का पूरी तरह बहिष्कार कर दिया है। कई जगह मतदान ही नहीं हुआ और जहां हुआ भी, वहां महज 1 से 2 प्रतिशत मतदान ही देखा गया, वो भी दबाव में कराया गया।

