मुंबई: कुर्ला पश्चिम के अशोक नगर इलाके में बुधवार सुबह पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढहने से बड़ा हादसा हो गया। भूस्खलन की चपेट में आने से दो से तीन चॉलनुमा मकान मलबे में दब गए। हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ (NDRF), बीएमसी (BMC) और मुंबई पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इलाके में रास्ता संकरा होने के कारण राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। इसके बावजूद राहतकर्मी स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
राहत एवं बचाव दल लगातार मलबे की तलाशी ले रहे हैं, ताकि किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की स्थिति में उसे जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
मृतकों के परिजनों को ₹4 लाख की सहायता
घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचीं महापौर रितू तावडे ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं, घायलों के इलाज के लिए ₹50 हजार की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना हुआ है।

