Monday, November 23, 2026
No menu items!

ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत; 13 भारतीयों को बचाया गया

Must Read

नई दिल्ली। ओमान के तट के पास भारतीय मालवाहक जहाज पर हुए हमले में गुजरात के एक नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना 2 नवंबर की बताई जा रही है। जहाज का नाम एमएसवी अल जुसुफी है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नाविक की मौत पर दुख जताया है।

अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को बनाया निशाना

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के अनुसार, 2 नवंबर को भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी अल जुसुफी ओमान के तट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया। घटना के समय जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे।

हमले के बाद ओमान के तटरक्षक बल ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं, गुजरात निवासी गांधार नाहीम अजीज घायल हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने जताया दुख

नाविक की मौत पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतक के परिवार और करीबियों के साथ हैं। एक भारतीय नाविक को खोना बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

भारतीय दूतावास और मंत्रालय कर रहे मदद

केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। सुरक्षित बचाए गए 13 नाविकों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय किया जा रहा है।

13 नाविकों की भारत वापसी की तैयारी

सरकार की प्राथमिकता सुरक्षित बचे सभी 13 नाविकों की जल्द भारत वापसी सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की व्यवस्था भी की जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया में भारतीय दूतावास और मंत्रालय स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

फिलहाल, जहाज पर हुए हमले की परिस्थितियों और अज्ञात हवाई वस्तु की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। वहीं, मृतक नाविक के परिवार और सुरक्षित बचे अन्य भारतीयों को सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

Latest News

छत्तीसगढ़ की दो बेटियों का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन, महक नरवासे और पलक सिंह ने बढ़ाया प्रदेश का मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राज्य...

More Articles Like This