Sunday, November 22, 2026
No menu items!

महाराष्ट्र में बंधक बने छत्तीसगढ़ के 40 मजदूर मुक्त, सारंगढ़ प्रशासन ने कराई घर वापसी

Must Read

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 40 श्रमिकों को महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराया गया है। आरोप है कि गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के नाम पर ठेकेदार उन्हें महाराष्ट्र ले गया था, जहां उनसे सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जा रहा था। मजदूरी का नियमित भुगतान नहीं किया जा रहा था और बीमार होने के बावजूद काम करने के लिए मजबूर किया जाता था। शिकायत मिलने पर सारंगढ़ जिला प्रशासन ने महाराष्ट्र प्रशासन के सहयोग से सभी श्रमिकों को मुक्त कराकर 20 नवंबर को सकुशल उनके गांव पहुंचाया।

रोजगार का भरोसा देकर महाराष्ट्र ले गया था ठेकेदार

मामले की शुरुआत ग्राम पंचायत उलखर, थाना एवं तहसील सारंगढ़ निवासी एक श्रमिक की शिकायत से हुई। श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया कि महाराष्ट्र के सोलापुर में एक व्यक्ति ने उसके परिवार और गांव के अन्य लोगों को रोजगार दिलाने का भरोसा दिया था।

ठेकेदार ने श्रमिकों को रहने, खाने, बीमारी में इलाज और हर सप्ताह मजदूरी भुगतान करने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे पर उन्हें गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के लिए महाराष्ट्र ले जाया गया।

सुबह से रात 9 बजे तक कराया जाता था काम

शिकायत के मुताबिक, सोलापुर पहुंचने के बाद श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक लगातार काम कराया जाने लगा। इसके बावजूद उन्हें साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं कराया जाता था। बीमार होने पर भी काम करने का दबाव बनाया जाता था।

श्रमिकों ने मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की। आवेदक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों सहित गांव के अन्य श्रमिकों को मजदूरी का भुगतान कराकर सुरक्षित वापस लाने की मांग की थी।

कलेक्टर के निर्देश पर महाराष्ट्र पहुंची संयुक्त टीम

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम निरीक्षक डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक श्री प्रकाश रजक और आरक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम को महाराष्ट्र के सोलापुर भेजा गया।

सोलापुर पहुंचकर संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। जांच में श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया और उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।

तीन जिलों के 40 श्रमिक अपने घर लौटे

प्रशासन के मुताबिक, मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 लोग शामिल हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा जिले के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक भी इस समूह में थे।

सभी 40 श्रमिक 20 नवंबर को बचाव दल के साथ सकुशल अपने गृह ग्राम पहुंचे। लंबे समय बाद घर लौटने पर श्रमिकों और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन तथा कलेक्टर के प्रति आभार जताया।

दूसरे राज्यों में काम पर जाने से पहले सावधानी बरतने की अपील

इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि रोजगार के नाम पर दूसरे राज्यों में ले जाने वाले अनजान ठेकेदारों और बिचौलियों के झांसे में न आएं। काम पर जाने से पहले ठेकेदार, कार्यस्थल, मजदूरी और रहने-खाने की व्यवस्था की पूरी जानकारी जरूर लें। साथ ही श्रम विभाग में आवश्यक पंजीयन कराएं।

प्रशासन ने कहा है कि दूसरे राज्य में काम करने के दौरान शोषण, मारपीट, बंधक बनाए जाने या किसी अन्य परेशानी का सामना करना पड़े तो तत्काल श्रम विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।

Latest News

भूपेश बघेल के पोस्ट पर मंत्री ओपी चौधरी का पलटवार, बोले- आप जैसे व्यक्ति से कोई सर्टिफिकेट नहीं लूंगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बीच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर...

More Articles Like This