Saturday, November 21, 2026
No menu items!

भूपेश बघेल के पोस्ट पर मंत्री ओपी चौधरी का पलटवार, बोले- आप जैसे व्यक्ति से कोई सर्टिफिकेट नहीं लूंगा

Must Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बीच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। भूपेश बघेल के पोस्ट पर पलटवार करते हुए मंत्री ओपी चौधरी ने उन पर निशाना साधा और उनकी राजनीति को घटिया बताया। चौधरी ने कहा कि वे भूपेश बघेल जैसे व्यक्ति से कोई सर्टिफिकेट नहीं लेंगे। उन्होंने आदिवासी समाज, राष्ट्रपति पद और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के मुद्दे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री से सवाल किए।

राष्ट्रपति और जनजातीय गौरव दिवस को लेकर उठाए सवाल

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि भूपेश बघेल ने उनका जो वीडियो अपलोड किया है, उसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में आदिवासी समाज से देश की पहली राष्ट्रपति बनाए जाने का जिक्र किया था। उन्होंने सवाल किया कि इसमें गलत क्या है?

चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूछा कि आजादी के बाद 50 साल से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने आदिवासी समाज से किसी को राष्ट्रपति क्यों नहीं बनाया?

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, जिसके बाद देशभर में यह दिवस मनाया जाता है। चौधरी ने सवाल किया कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की पहल क्यों नहीं की गई?

हिंदी साहित्य की पढ़ाई का जिक्र कर दिया जवाब

ओपी चौधरी ने अपने पोस्ट में अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद राज्य से IAS के रूप में चयनित होने का अवसर उन्हें मिला। गणित के विद्यार्थी होने के बावजूद सिविल सेवा परीक्षा के लिए चुने गए विषयों में हिंदी साहित्य भी शामिल था।

उन्होंने कहा कि भाषाई विषयों में सीखने के लिए वे हमेशा तत्पर हैं, लेकिन भूपेश बघेल जैसे व्यक्ति से कोई प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। इसी दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के लिए तीखी भाषा का इस्तेमाल किया।

बिरसा मुंडा जयंती पर कार्यक्रम को लेकर मांगा जवाब

मंत्री चौधरी ने भूपेश बघेल से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर किए गए कार्यक्रमों का विवरण भी मांगा। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से साझा किया गया पोस्ट उनके ऑपरेटर द्वारा लिखा और डिजाइनर द्वारा तैयार किया गया था।

चौधरी ने कहा कि उन्हें 15 नवंबर को या उसके बाद जनता के बीच भूपेश बघेल का कोई ऐसा कार्यक्रम दिखाई नहीं दिया, जो भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित हो। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से ऐसे किसी कार्यक्रम की जानकारी साझा करने को कहा।

वित्त मंत्री ने कहा कि यदि जनता के बीच ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं किया गया है, तो भूपेश बघेल को आदिवासी समाज, प्रदेश और देश से माफी मांगनी चाहिए। फिलहाल दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई यह राजनीतिक बयानबाजी चर्चा में है।

Latest News

महाराष्ट्र में बंधक बने छत्तीसगढ़ के 40 मजदूर मुक्त, सारंगढ़ प्रशासन ने कराई घर वापसी

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 40 श्रमिकों को महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराया...

More Articles Like This