Tuesday, July 21, 2026
No menu items!

भोपाल को मिलेगी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की नई पहचान, सीएम डॉ. मोहन यादव आज करेंगे शिलान्यास

Must Read

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को सतगढ़ी क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश और देश के करीब 200 उद्योगपति, निवेशक तथा उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

करीब 173 एकड़ में विकसित होने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क आधुनिक औद्योगिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां अत्याधुनिक सड़कें, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स हब, वेयरहाउस और स्मार्ट औद्योगिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे निवेशकों को बेहतर कारोबारी माहौल मिलेगा।

  • 15 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

राज्य सरकार के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। पार्क में उच्च मूल्य विनिर्माण, गारमेंट, टॉयज, आईटी, एआई, लॉजिस्टिक्स और नई तकनीक आधारित उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इससे भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

  • बनेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर

परियोजना के तहत 25 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर भी बनाया जाएगा। इसकी क्षमता एक साथ 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की होगी। यहां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेश सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियां, व्यापारिक मेले और बड़े कॉर्पोरेट कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

  • कोलार क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

अब तक मुख्य रूप से आवासीय क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले कोलार क्षेत्र को इस परियोजना से औद्योगिक पहचान मिलेगी। उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होने से पूरे क्षेत्र के आर्थिक और आधारभूत विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

  • पर्यावरण के अनुकूल होगा पार्क

स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क को पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। इसमें स्मार्ट जल प्रबंधन प्रणाली, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

  • बेहतर कनेक्टिविटी बनेगी बड़ी ताकत

यह पार्क राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कोलार रोड और प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से बेहतर कनेक्टिविटी के साथ जुड़ा रहेगा। इससे उद्योगों की स्थापना, माल परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से भोपाल न केवल मध्य प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा, बल्कि निवेश, रोजगार और आधुनिक औद्योगिक विकास के नए आयाम भी स्थापित करेगा।

Latest News

मोसाद का बड़ा दावा: ईरान फिर शुरू कर रहा न्यूक्लियर प्रोग्राम, बंकर-बस्टर बम से भी सुरक्षित गुप्त सुरंगों में शिफ्ट किए सेंट्रीफ्यूज

तेहरान / यरूशलेम: इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद (Mossad) ने दावा किया है कि ईरान पर्दे के पीछे अपने परमाणु...

More Articles Like This