मधेपुरा: सावन के आखिरी सोमवार को बिहार के मधेपुरा स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के दबाव में मंदिर परिसर की बैरिकेडिंग टूट गई, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना में करीब आधा दर्जन श्रद्धालुओं के साथ ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मधेपुरा के डीएम और एसपी समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से भीड़ को नियंत्रित किया गया और मंदिर परिसर में व्यवस्था को दोबारा बहाल कराया गया।
सावन के अंतिम सोमवार के कारण सिंहेश्वर मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे थे। भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर में दबाव बढ़ गया, जिसके बाद बैरिकेडिंग टूटने से स्थिति बिगड़ गई। प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में मंदिर परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं।

