Friday, September 4, 2026
No menu items!

पुलिस भर्ती में दूसरी चयन सूची की मांग, गृहमंत्री के आवास के बाहर अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना

Must Read

कवर्धा/रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया में शेष रह गए पदों को भरने और दूसरी चयन सूची जारी करने की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थी कवर्धा में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी बारिश के बीच टेंट लगाकर दिन-रात आंदोलन कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों के अनुसार पुलिस आरक्षक भर्ती में कुल 5,967 पद निर्धारित किए गए थे। उनका दावा है कि अब तक करीब 4,367 पदों पर ही नियुक्तियां हुई हैं, जबकि 1,940 पद रिक्त हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि इन रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी करनी चाहिए।

एक अभ्यर्थी के कई जिलों की सूची में नाम होने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि एक ही उम्मीदवार का नाम कई जिलों की चयन सूची और वेटिंग लिस्ट में शामिल होने के कारण बड़ी संख्या में पद खाली रह गए हैं। उनका दावा है कि कुछ अभ्यर्थियों के नाम 8 से 9 अलग-अलग जिलों की सूचियों में दिखाई दिए हैं। इसी वजह से शेष पदों पर वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों को मौका देने की मांग की जा रही है।

बारिश में भी जारी है आंदोलन

कवर्धा में चल रहे प्रदर्शन में विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक कोण्डागांव, जांजगीर-चांपा समेत कई क्षेत्रों से आए करीब 200 से 300 युवा धरने में शामिल हैं। अभ्यर्थी टेंट लगाकर मौके पर ही खाना बना रहे हैं और रात भी वहीं गुजार रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में अभ्यर्थी गृहमंत्री के सामने भावुक होकर अपनी नियुक्ति की मांग करते नजर आ रहे हैं। कई अभ्यर्थी हाथ जोड़कर जल्द समाधान की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं।

दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होने तक आंदोलन की चेतावनी

अभ्यर्थियों ने कहा है कि उनकी मांग किसी नए पद सृजन की नहीं, बल्कि भर्ती में रिक्त रह गए पदों को भरने की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक विभाग शेष 1,940 पदों को भरने के लिए दूसरी चयन/मेरिट सूची जारी करने को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लेता, तब तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच भर्ती प्रक्रिया में रिक्त पदों को लेकर सरकार और पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट किए जाने का इंतजार है।

Latest News

रायगढ़ में वन तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; ओडिशा से हरियाणा तक फैला था नेटवर्क

रायगढ़। जिले के वन क्षेत्रों से खैर और तेंदू प्रजाति की लकड़ियों की अवैध कटाई, भंडारण और दूसरे राज्यों...

More Articles Like This