खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और मिलिंग को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर धान खरीदी और मिलिंग में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पिछले खरीफ सीजन का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि मिलिंग के लिए दिए गए 50 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान के बदले कितना चावल जमा हुआ और भारतीय खाद्य निगम (FCI) को कितनी मात्रा में चावल सौंपा गया। इसके साथ ही उन्होंने बेमौसम बारिश से फसल बर्बादी झेल रहे किसानों के लिए मुआवजा, फसल बीमा और कर्जमाफी की मांग भी उठाई।
दीपक बैज खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दीपावली मिलन समारोह और वरिष्ठजनों के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
50 लाख मीट्रिक टन धान की मिलिंग का हिसाब मांगा
धान खरीदी और मिलिंग में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए बैज ने कहा कि खरीफ सीजन 2025-26 में मिलिंग के लिए 50 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान दिया गया था। उन्होंने सरकार से पूछा कि इसके बदले कितना चावल जमा हुआ, FCI को कितनी मात्रा में चावल दिया गया और कितना धान अब भी उठाव का इंतजार कर रहा है।
बैज ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को धान का भुगतान करने के लिए कर्ज ले रही है, जिसका ब्याज अंततः आम जनता पर बोझ बनता है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और धान खरीदी से लेकर मिलिंग तथा चावल जमा होने तक का विस्तृत हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।
बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद, किसानों को राहत देने की मांग
प्रदेश में हालिया बेमौसम बारिश से हुए फसल नुकसान को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कई किसानों की कटी हुई धान की फसल बारिश में भीग गई है, जबकि खेतों में खड़ी फसल गिरकर पानी में डूब गई। इससे किसानों के सामने अपनी उपज बचाने और बेचने का संकट खड़ा हो गया है।
बैज ने मांग की कि प्रभावित किसानों की फसलों का नुकसान का आकलन कर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही फसल बीमा की राशि जल्द जारी करने और किसानों का कर्ज माफ करने की दिशा में सरकार तत्काल कदम उठाए।
खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन जारी
खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर बैज ने बताया कि पार्टी में चयन प्रक्रिया चल रही है। प्रभारी छन्नी साहू, पर्यवेक्षक और स्थानीय नेता पार्षद से लेकर नगर पालिका अध्यक्ष पद तक के संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा करेंगे। स्थानीय स्तर पर नाम तय होने के बाद प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा, जिसके बाद अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा होगी।
कांग्रेस में गुटबाजी से किया इनकार
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि पार्टी में अलग-अलग मुद्दों पर विचारों में अंतर हो सकता है, लेकिन इसे गुटबाजी नहीं कहा जा सकता। उन्होंने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
खैरागढ़ को जिला बनाए जाने के बाद स्थानीय मुद्दों पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने जिला अध्यक्ष कोमल साहू का बचाव किया। बैज ने कहा कि संगठन किसानों, वोट चोरी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रहा है।
राशन दुकानों में शक्कर की कमी और 17 निकायों में जीत का दावा
राशन दुकानों में अक्टूबर और नवंबर महीने की शक्कर नहीं मिलने के मुद्दे पर बैज ने इसे सही समस्या बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान भी इस विषय को उठाया था।
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के 17 निकायों में बेहतर प्रदर्शन और जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं चुनाव में प्रमुख मुद्दे होंगे।

