नई दिल्ली। टाटा समूह की एयरलाइन Air India ने अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने और कारोबार के टर्नअराउंड प्लान को आगे बढ़ाने के लिए करीब 1.5 अरब डॉलर (लगभग 13,000 करोड़ रुपये) की नई इक्विटी फंडिंग मांगी है। यह फंडिंग टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस से जुटाने का प्रस्ताव है।
जल्द फंडिंग की जरूरत
सूत्रों के मुताबिक, एयरलाइन को अतिरिक्त पूंजी की जरूरत जल्द है। प्रस्तावित रकम एकमुश्त देने के बजाय किस्तों में भी उपलब्ध कराई जा सकती है। हालांकि, फिलहाल इस प्रस्ताव को लेकर टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस के बीच बातचीत जारी है और अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
रिकॉर्ड घाटे से बढ़ा वित्तीय दबाव
एयरलाइन के लिए अतिरिक्त फंडिंग की जरूरत ऐसे समय में सामने आई है, जब Air India और Air India Express को मिलाकर मार्च में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान करीब 2.33 अरब डॉलर यानी 22,180 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड घाटा हुआ।
बताया जा रहा है कि यह घाटा पिछले वित्त वर्ष की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। भारी नुकसान के चलते एयरलाइन के विस्तार और टर्नअराउंड प्लान पर वित्तीय दबाव बढ़ गया है।
टर्नअराउंड प्लान को मजबूती देने की कोशिश
Air India लंबे समय से अपने कारोबार को मजबूत करने, बेड़े के विस्तार और परिचालन में सुधार के लिए बड़े स्तर पर बदलाव कर रही है। नई इक्विटी फंडिंग मिलने से एयरलाइन को अपनी वित्तीय स्थिति संभालने और टर्नअराउंड रणनीति को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
हालांकि, फंडिंग को लेकर अंतिम फैसला टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस की बातचीत के बाद ही सामने आएगा।

