रायपुर:
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाने वाली निशानेबाज नीरू ढांडा की ऐतिहासिक सफलता पर क्षत्रिय करणी सेना परिवार ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इटली के लोनाटो में आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतने पर संगठन ने इसे देश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि नीरू ढांडा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से विश्व स्तर पर भारत का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल खेल जगत की जीत नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और बेटियों की क्षमता का सशक्त उदाहरण भी है।
पदाधिकारियों ने बताया कि हरियाणा के जींद जिले के संगतपुरा गांव की रहने वाली नीरू ढांडा वर्तमान में मध्यप्रदेश के शिवपुरी में निवास करती हैं।
वह भारतीय सेना की कॉर्प्स ऑफ मिलिट्री पुलिस में नायब सूबेदार के पद पर कार्यरत हैं और आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट, महू में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतकर इस प्रतियोगिता में भारत के लिए नया इतिहास रचा है।
संगठन ने कहा कि नीरू की सफलता यह साबित करती है कि यदि बेटियों को अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने समाज से कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को समाप्त करने और बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा एवं समान अवसर देने का आह्वान किया।
करणी सेना ने बताया कि नीरू ढांडा के सम्मान के लिए जल्द ही उनके परिवार और संबंधित सैन्य अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा। संगठन का मानना है कि ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान करने से देश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
देश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत
करणी सेना के पदाधिकारियों ने नीरू की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा:
“नीरू ढांडा इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला शूटर बन गई हैं। उनकी यह सफलता खेल जगत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की लाखों बेटियों के लिए एक प्रेरणा है। यह जीत कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ समाज को एक मजबूत और सकारात्मक संदेश देती है।

