Wednesday, November 25, 2026
No menu items!

मनेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से दो युवतियों समेत 3 की मौत; बाइक सवारों को 200 मीटर तक घसीटा

Must Read

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इमली गोलाई के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में दो युवतियों समेत कुल तीन लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बाइक सवारों को करीब 200 मीटर तक घसीटा गया।

अस्पताल से इलाज कराकर लौट रहे थे तीनों

जानकारी के मुताबिक, बाइक पर दो युवतियां और एक युवक सवार थे। तीनों अस्पताल में इलाज कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इमली गोलाई के पास उनकी बाइक की ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में युवक और एक युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान घायल युवती ने भी तोड़ा दम

घायल युवती की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में तीनों बाइक सवारों की जान चली गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कामरो भी अस्पताल पहुंचे।

मृतकों की हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ग्राम नगोई निवासी भवन सिंह (27), ग्राम बरबसपुर निवासी भूमिका (18) और ग्राम नगोई निवासी प्रमिला (20) के रूप में हुई है।

दो मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं तीसरी युवती की मौत के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Latest News

धान खरीदी और मिलिंग में गड़बड़ी का दीपक बैज ने लगाया आरोप, सरकार से मांगा 50 लाख मीट्रिक टन धान का हिसाब

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और मिलिंग को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक...

More Articles Like This