Friday, September 4, 2026
No menu items!

CG Crime: एक्सीडेंट नहीं, हत्या थी! दोस्त की पीट-पीटकर हत्या, शव कार के नीचे डाल रचा हादसे का ड्रामा

Must Read

जांजगीर-चांपा 3 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अकलतरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के रूप में सामने आई युवक की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवक की मौत किसी दुर्घटना में नहीं, बल्कि पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद हुई थी। आरोपियों ने हत्या को छिपाने के लिए शव को कार के नीचे डालकर पूरे मामले को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की थी।

24 जून को हुई थी युवक की मौत

मामला सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड का है। 24 जून 2026 को वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 से जुड़ी घटना में सकरी, बिलासपुर निवासी 26 वर्षीय अरविंद सिंह लोधी की मौत हो गई थी।

शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना था और वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि, मामले की परिस्थितियों पर पुलिस को संदेह हुआ और जांच को आगे बढ़ाया गया।

ट्रक के लेन-देन को लेकर था पुराना विवाद

पुलिस के मुताबिक, मृतक अरविंद सिंह लोधी और आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर के बीच ट्रक के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों के बीच शराब पार्टी के दौरान विवाद फिर बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। गंभीर मारपीट के बाद अरविंद की मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को कार के नीचे डालकर रचा हादसे का ड्रामा

पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की मौत के बाद आरोपियों ने वारदात छिपाने की कोशिश की। हत्या के सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए अरविंद के शव को कार के नीचे डाल दिया गया, ताकि घटना को सड़क हादसा बताया जा सके।

पहली नजर में मामला दुर्घटना जैसा दिखाई दिया, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच और पूछताछ में हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।

पूछताछ में आरोपी ने खोला हत्या का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के निर्देशन में जांच की गई।

SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और चौकी प्रभारी कोटमीसोनार विनोद जाटवर की टीम ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वारदात का खुलासा किया।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या समेत अन्य धाराएं जोड़ दी हैं। वारदात में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल बताए जा रहे दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Latest News

रायगढ़ में वन तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; ओडिशा से हरियाणा तक फैला था नेटवर्क

रायगढ़। जिले के वन क्षेत्रों से खैर और तेंदू प्रजाति की लकड़ियों की अवैध कटाई, भंडारण और दूसरे राज्यों...

More Articles Like This