रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास (CM हाउस) के बाहर हंगामे की घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। घटना में 112 एंबुलेंस का शीशा भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस पहुंची और व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
CM हाउस के मुख्य गेट के पास तोड़फोड़
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री निवास के मुख्य गेट के पास हुई। आरोप है कि व्यक्ति ने वहां खड़े वाहनों के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान व्यक्ति और सुरक्षा कर्मियों के बीच झूमाझटकी होने की भी जानकारी सामने आई।
गोली चलने जैसी आवाज की चर्चा
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के बीच गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की चर्चा हुई, जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि, सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवांगन के मुताबिक, मौके पर गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लिया
सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, घटना में 112 एंबुलेंस के शीशे टूटने की जानकारी मिली है। फिलहाल, तोड़फोड़ के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिया गया व्यक्ति प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के पीछे की वजह और नुकसान से जुड़ी अन्य जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

