Monday, September 7, 2026
No menu items!

रील बनाने के लिए सड़क पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, शराब के नशे में बुलेट चलाने वाले समेत 6 पर कार्रवाई

Must Read

दुर्ग। सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में सड़क पर खतरनाक स्टंट करना युवाओं को भारी पड़ गया। जामुल थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से बुलेट चलाकर स्टंट करने के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। इस दौरान तीन सवारी बुलेट चला रहे युवक को पकड़ा गया, जिसकी जांच में शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके अलावा कुछ देर बाद थाना परिसर पहुंचे पांच अन्य युवकों के भी शराब के नशे में पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

तीन सवारी बुलेट पर कर रहे थे स्टंट

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर की रात करीब 2 बजे बुलेट क्रमांक CG 04 MY 3982 पर तीन युवक सवार होकर जामुल क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहे थे। बताया गया कि बाइक में तेज आवाज वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था और युवक सड़क पर स्टंट करते हुए रील बनाने का प्रयास कर रहे थे।

उनकी इस गतिविधि से सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी और दूसरे राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। पुलिस की नजर पड़ते ही बुलेट को रोककर चालक की जांच की गई।

शराब के नशे में मिला बुलेट चालक

पुलिस ने चालक की पहचान पवन तिवारी, निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल के रूप में की। अल्कोहल जांच में उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद जामुल थाने में अपराध क्रमांक 646/2026 दर्ज कर धारा 281 BNS और मोटरयान अधिनियम की धारा 184 एवं 185 के तहत कार्रवाई की गई।

थाने पहुंचे पांच युवक, जांच में सभी नशे में मिले

पुलिस के अनुसार, बुलेट सवार युवकों की कार्रवाई के करीब पांच मिनट बाद काले रंग की थार से कुछ युवक थाना परिसर पहुंचे। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने वहां मौजूद युवकों का भी अल्कोहल परीक्षण कराया, जिसमें पांचों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने थाना परिसर जैसे सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर नशे की हालत में पाए जाने और लोक शांति भंग करने के संबंध में धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई की जद में आए युवकों की पहचान अंश कुमार (22), नमन पगार (19), अमित कुमार जयसवार (20), नितिन शर्मा (23) और आर्यन मिश्रा (21) के रूप में हुई है।

थार पर भी ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

पुलिस ने थाना परिसर पहुंची थार के खिलाफ भी यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की। वाहन में नंबर प्लेट नहीं लगी थी और शीशों पर काला फिल्म/शीशा लगा हुआ था। इसके अलावा वाहन के जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस ने मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वाहन पर कार्रवाई की है।

रील के लिए खतरनाक स्टंट पर पुलिस सख्त

जामुल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने या मनोरंजन के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी न केवल चालक बल्कि सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।

दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी से बचें। पुलिस ने नंबर प्लेट, पारदर्शी शीशे और वाहन के जरूरी दस्तावेजों से जुड़े नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Latest News

सत्य निकेतन हादसे ने दुर्ग के परिवार की खुशियां छीनीं, दोस्त से फोन पर बात करते-करते युवराज की मौत

नई दिल्ली/दुर्ग। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले...

More Articles Like This