नई दिल्ली/दुर्ग। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक परिवार को गहरा सदमा दिया है। हादसे में दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली में रहकर मोतीलाल नेहरू कॉलेज से बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और सत्य निकेतन स्थित बॉयज पीजी में रहता था।
हादसे से कुछ पल पहले दोस्त से कर रहा था बात
बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले युवराज अपने बचपन के दोस्त आर्यन से फोन पर बातचीत कर रहा था। दोनों छुट्टियों के बाद मिलने और साथ घूमने जाने की योजना बना रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक आर्यन को फोन पर तेज आवाज सुनाई दी। इसके करीब एक मिनट बाद युवराज का फोन कट गया।
आर्यन को लगा कि नेटवर्क या किसी अन्य वजह से कॉल कट गई होगी और युवराज कुछ देर बाद दोबारा फोन करेगा। लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसे सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर मिली। इसके बाद आर्यन तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हो गया।
काफी तलाश के बाद AIIMS से मिली मौत की खबर
घटनास्थल पर उस समय राहत और बचाव अभियान चल रहा था। आर्यन ने युवराज की तलाश शुरू की और आसपास मौजूद लोगों तथा राहत दल से उसके बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। काफी देर तक तलाश करने के बाद उसे AIIMS ट्रॉमा सेंटर से जानकारी मिली कि हादसे में युवराज की मौत हो चुकी है।
युवराज की मौत की खबर सामने आने के बाद दुर्ग स्थित उसके परिवार में मातम छा गया। परिवार को कुछ दिन पहले ही युवराज के दिल्ली लौटने की खुशी थी, लेकिन हादसे की खबर ने अचानक उनकी खुशियां छीन लीं।
तीन दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली लौटा था युवराज
जानकारी के मुताबिक, युवराज छुट्टियों के बाद महज तीन दिन पहले ही अपने घर दुर्ग से दिल्ली लौटा था। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
युवराज और आर्यन बचपन से एक-दूसरे के दोस्त थे और दोनों एक ही गांव से जुड़े बताए जा रहे हैं। दिल्ली लौटने के बाद दोनों जल्द ही साथ घूमने जाने की योजना बना रहे थे। उन्हें क्या पता था कि यह मुलाकात की योजना अधूरी रह जाएगी।
सत्य निकेतन हादसे में छह लोगों की मौत
सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढहने के बाद राहत और बचाव अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। AIIMS ट्रॉमा सेंटर के अनुसार, मलबे से निकाले गए 11 लोगों में से अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में घायल अन्य लोगों का उपचार जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं प्रशासन ने हादसे की परिस्थितियों और इसकी वजहों की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद ही इमारत गिरने की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

