Wednesday, October 21, 2026
No menu items!

रायपुर में 6 बाइक चोरी का खुलासा, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; 2 लाख का माल बरामद

Must Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शातिर वाहन चोर गोलू देवार (36) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

पुलिस के मुताबिक, वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

सिविल लाइन थाने में 14 अगस्त और 17 अगस्त को बाइक चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं। शिकायतकर्ताओं राजकुमार खटवानी और मनीष खंदार ने बताया था कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिलें घर के सामने खड़ी की थीं, लेकिन कुछ समय बाद वाहन गायब मिले।

दोनों मामलों में पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

अलग-अलग इलाकों से चोरी की 6 बाइक

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय लोगों से पूछताछ और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस सुभाष नगर देवार मोहल्ला निवासी गोलू देवार तक पहुंची।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने रायपुर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने राजेंद्र नगर, कटोरा तालाब, कुकुरबेड़ा-आमानाका, देवेंद्र नगर, खजाना चौक और मल्टीलेवल पार्किंग क्षेत्र से 6 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की।

आरोपी की निशानदेही पर सभी बाइक बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की सभी 6 मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू देवार, पिता महेश देवार, उम्र 36 वर्ष, निवासी सुभाष नगर देवार मोहल्ला, थाना तेलीबांधा, रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में भी शामिल था या नहीं। राजधानी में वाहन चोरी के मामलों के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।

Latest News

कुरूद विधानसभा में कांग्रेस की सियासी हलचल तेज, देवव्रत साहू ने प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत से की मुलाकात

कुरूद। छत्तीसगढ़ की कुरूद विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।...

More Articles Like This