नामची (सिक्किम) / नई दिल्ली:
सिक्किम के नामची जिले में NHPC तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में भूस्खलन के बाद हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। राहत और बचाव दल अब तक 10 शवों को बाहर निकाल चुके हैं, जबकि अंदर फंसे अन्य श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने लिया स्थिति का जायज़ा
हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। गृह मंत्री ने जारी राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और केंद्र सरकार की ओर से राज्य को हरसंभव सहायता और राहत सामग्री प्रदान करने का आश्वासन दिया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री से बात कर हालात का जायजा लिया था।
युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य
- मल्टी-एजेंसी ऑपरेशन: एनडीआरएफ एसडीआरएफ , सिक्किम पुलिस, अग्निशमन सेवा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर लगातार बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
- विशेषज्ञ टीमों की मदद: राहत कार्य में सहायता के लिए पाक्योंग और सिलीगुड़ी से विशेष टीमों को भी बुलाया गया है।
- गैस रिसाव की आशंका: सुरंग में भूस्खलन के कारण एंट्री ब्लॉक होने के साथ-साथ संदिग्ध गैस रिसाव की भी खबर है, जिससे बचाव कर्मियों को ऑपरेशन चलाने में कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदनाएँ
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पूरा राज्य इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। साथ ही उन्होंने आम जनता से शांत रहने और किसी भी प्रकार की अफ़वाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
मुख्य स्रोत: एशियन न्यूज इंटरनेशनल (ANI

