Monday, October 19, 2026
No menu items!

2 अक्टूबर से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखा था शराब का जखीरा, 184 लीटर जब्त

Must Read

जांजगीर-चांपा। 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस के मद्देनजर जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अकलतरा पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वार्ड नंबर 12 स्थित एक मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी गई देशी-विदेशी शराब और बीयर का बड़ा जखीरा मिला। पुलिस ने मौके से करीब 184 लीटर शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। अकलतरा पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरुघासीदास मोहल्ला, वार्ड नंबर 12 निवासी टेकूलाल बंजारे अपने मकान के तहखाने और गुप्त कमरों में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखे हुए है। बताया गया कि 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस के दौरान शराब की अवैध बिक्री की तैयारी की जा रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई। पुलिस को मौके से देशी प्लेन और मसाला शराब के अलावा जम्मू स्पेशल, ग्रांड कोलंबिया, गोवा स्पेशल और मेकडावल नंबर-1 जैसी अंग्रेजी शराब मिली। इसके साथ ही सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर भी बरामद की गई।

पुलिस ने कुल 184 लीटर शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 550 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 41 वर्षीय टेकूलाल बंजारे को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाने में अपराध क्रमांक 587/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुष्क दिवस को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Latest News

रावण दहन को लेकर विवाद, रामलीला समितियों को पत्र भेजने पर क्षत्रिय मूलनिवासी महासंघ ने जताई आपत्ति

विजयादशमी पर रावण दहन को लेकर मध्य प्रदेश के उज्जैन में विवाद सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,...

More Articles Like This