राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगांव मार्ग स्थित श्री कल्याणिका देवस्थानम में 11 से 20 अक्टूबर तक धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। मंदिर में मां भगवती की पूजा-अर्चना के साथ प्रतिदिन चंडी पाठ और महाआरती होगी।
देवस्थानम की देखरेख बाबा निर्वाण अनंतानंद उदासीन महाराज करते हैं। उनके मार्गदर्शन में नवरात्रि पर्व की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, 11 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे घट पूजन, गौरी-गणेश पूजन और देवी पूजन होगा। दोपहर 12 बजे से भक्त ज्योत प्रज्वलित कर सकेंगे।
नवरात्रि के प्रत्येक दिन शाम 5 बजे चंडी पाठ और शाम 7 बजे महाआरती निर्धारित है। 16 अक्टूबर को शाम 4 बजे भजन संध्या होगी। महानवमी पर 19 अक्टूबर को रात 8 बजे से मध्यरात्रि तक विशेष चंडी हवन किया जाएगा।
20 अक्टूबर को सुबह 9 बजे माताजी का महाभिषेक, अर्चना और ध्वज पूजन होगा। विजयदशमी पर महाआरती के बाद कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

