रायपुर: कृष्णा पब्लिक स्कूल (KPS) सरोना में सीबीएसई जोनल (फार ईस्ट जोन) स्केटिंग चैंपियनशिप 2026-27 का भव्य शुभारंभ हो गया है। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड सहित फार ईस्ट जोन के कई राज्यों के सीबीएसई स्कूलों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन सीबीएसई के तत्वावधान में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के तहत रोड रेस का आयोजन 31 जुलाई को नया रायपुर स्थित आईपी क्लब, सेक्टर-21 में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक किया गया, जबकि रिंग रेस की स्पर्धाएं कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना के अत्याधुनिक स्केटिंग ट्रैक पर आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार शाम 5 बजे उद्घाटन समारोह के साथ हुआ, जबकि समापन समारोह 2 अगस्त को शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा।
केपीएस सरोना की प्रिंसिपल अर्चना मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए स्कूल ने व्यापक तैयारियां की हैं। खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक, मेडिकल सहायता, सुरक्षा व्यवस्था, निर्णायकों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विशेष तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन फिट इंडिया, खेलो इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के उद्देश्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अर्चना मिश्रा ने कहा कि केपीएस सरोना में शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और सामाजिक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है। उनका मानना है कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना विकसित करते हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि स्केटिंग जैसे खेल बच्चों के शारीरिक संतुलन, एकाग्रता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक मजबूती को बढ़ाते हैं। स्कूल का उद्देश्य है कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।
इस चैंपियनशिप में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में बालक एवं बालिका वर्ग की क्वाड और इनलाइन स्केटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में 300 मीटर, 500 मीटर, 1000 मीटर और रिले रेस जैसी विभिन्न स्पर्धाएं शामिल हैं।
आयोजन समिति के अनुसार सभी प्रतियोगिताएं आरएसएफआई और सीबीएसई के नियमों के अनुरूप आयोजित की जा रही हैं।
प्रत्येक स्केटर को अपनी निर्धारित रेस से 30 मिनट पहले रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में केवल प्रोफेशनल लो-एंकल स्केट्स की अनुमति होगी तथा सभी प्रतिभागियों के लिए स्किन-टाइट कॉस्ट्यूम और हार्ड हेलमेट पहनना अनिवार्य रहेगा। प्रत्येक इवेंट में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी सीधे राष्ट्रीय स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करेंगे।
आयोजकों ने यह भी बताया कि बारिश की स्थिति में प्रतियोगिता के कार्यक्रम में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं, जिसकी सूचना सभी टीमों को आधिकारिक माध्यमों से समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।

