Saturday, October 24, 2026
No menu items!

जांजगीर-चांपा में शराब पीने के बाद BSP पार्षद समेत दो की मौत, जहरीली शराब की आशंका

Must Read

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चार दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। इनमें से दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक का उपचार जारी है। मृतकों में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पार्षद राम खिलावन जांगड़े भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

चार दोस्तों ने एक साथ पी थी शराब

मिली जानकारी के अनुसार, मामला पामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे राम खिलावन जांगड़े, जोहित खरे और उनके दो अन्य साथियों ने पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में एक साथ शराब पी थी। कुछ समय बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान दो लोगों ने तोड़ा दम

तबीयत बिगड़ने पर राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान राम खिलावन जांगड़े की सिम्स अस्पताल में और जोहित खरे की अपोलो अस्पताल में मौत हो गई।

वहीं, एक अन्य युवक को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना में शामिल चौथे व्यक्ति की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

जहरीली शराब की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

शराब पीने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने और दो लोगों की मौत के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत शराब के सेवन से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

Latest News

85 किसानों का 2.38 करोड़ रुपये बकाया, कावेरी सीड कंपनी के खिलाफ नेशनल हाईवे पर चक्काजाम

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कावेरी सीड कंपनी से भुगतान नहीं मिलने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा।...

More Articles Like This