चेन्नई:
तमिलनाडु विधानसभा के सत्र के दौरान भ्रष्टाचार की कथित फाइलों और राजनीतिक बयानों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोक देखने को मिली। विपक्ष के नेता और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें खुली चुनौती दी है।
मुख्यमंत्री को खुली चुनौती
सदन में चर्चा की शुरुआत करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में दावा किया था कि उनकी मेज पर पिछली डीएमके सरकार के कार्यकाल से जुड़ी भ्रष्टाचार की तीन फाइलें मौजूद हैं। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्टालिन ने कहा, “यदि सरकार के पास भ्रष्टाचार के ठोस सबूत और फाइलें हैं, तो उन्हें बिना किसी देरी के सार्वजनिक किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री इन विवरणों को उजागर करने से क्यों डर रहे हैं?”
ज्योतिषी के मुहूर्त’ वाला तंज
अपने संबोधन के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री पर सियासी तंज कसते हुए कहा कि क्या सरकार इन फाइलों को सामने लाने के लिए किसी ज्योतिषी द्वारा तय की गई तारीख या मुहूर्त का इंतजार कर रही है? उन्होंने यह भी सलाह दी कि विधानसभा में केवल फिल्मी शैली के पंच डायलॉग देने के बजाय ठोस दस्तावेजों के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
सत्ता पक्ष का पलटवार
विपक्ष के तीखे तेवरों का जवाब देते हुए सरकार की ओर से मंत्रियों ने मोर्चा संभाला। मंत्रियों ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार के पास सभी मामलों के पुख्ता सबूत मौजूद हैं और उचित कानूनी समय आने पर इनसे जुड़े कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, विधानसभा अध्यक्ष ने भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री अपने प्रशासनिक विवेक और स्वतंत्र रूप से अधिकारियों के साथ औपचारिक विचार-विमर्श के आधार पर निर्णय लेते हैं।

