नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पुरानी दिल्ली इलाके से एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर नेपाल के रास्ते भारत आया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में काम कर रहा था और यहां अवैध रूप से रह रहा था।
15 अगस्त को जांच के दौरान हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की जांच के दौरान उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने उसके संभावित संपर्कों और भारत में आने के तरीके की जानकारी जुटाई।
अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसके किसी आतंकी या जासूसी गतिविधि से जुड़े होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया शुरू
पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को Foreigners Regional Registration Office (FRRO) के सामने पेश किया गया। अब उसे पाकिस्तान वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि वह भारत में किस तरह दाखिल हुआ और यहां कितने समय से रह रहा था। नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने के उसके दावे की भी जांच की जा रही है।
भारत में प्रवेश को लेकर जांच जारी
पुलिस और संबंधित केंद्रीय एजेंसियां आरोपी के दस्तावेजों, भारत में प्रवेश और उसके यहां रहने से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही हैं। फिलहाल जांच का मुख्य फोकस उसके भारत आने के रास्ते और अवैध रूप से यहां रहने की परिस्थितियों पर है।

