कोरबा: जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम बलगीखार में 27 वर्षीय युवक का शव उसके घर के कमरे में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक अपनी बाइक गुम हो जाने के बाद पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दीपक कंवर के रूप में हुई है, जो अविवाहित था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले वह दर्री क्षेत्र गया था। इसी दौरान उसकी बाइक कहीं गुम हो गई। काफी तलाश के बावजूद बाइक नहीं मिलने से वह लगातार परेशान रहने लगा था।
परिजनों के अनुसार रविवार देर रात दीपक घर लौटा, भोजन करने के बाद अपने कमरे में चला गया। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

