दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खारून नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक से एनीकेट पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक नदी में गिर गया और उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रानितराई थाना पुलिस और एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद डीप डाइवर्स की मदद से युवक का शव नदी से बरामद किया गया।
यह पूरा मामला रानितराई थाना क्षेत्र के पाटन इलाके में स्थित ओदरागहन का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र कुमार यादव बाइक से खारून नदी के एनीकेट को पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक समेत नदी में जा गिरे।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रानितराई थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान के दौरान काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
इसके बाद एक्सपर्ट डीप डाइवर्स की मदद से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सुरेंद्र कुमार यादव के शव को नदी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

