Saturday, September 5, 2026
No menu items!

शुष्क दिवस पर बार से चोरी-छिपे शराब बिक्री का खुलासा, संचालक और गार्ड पर कार्रवाई

Must Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुष्क दिवस के दौरान बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर अवैध रूप से बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार संचालक को शराब और नगद रकम के साथ पकड़ा है। मामले में सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन की ओर से शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इसी दौरान रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर बाहर बेची जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान बार संचालक पलाश मल्होत्रा, पिता संदीप मल्होत्रा, उम्र 26 वर्ष, को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक बोतल अंग्रेजी शराब और 2,300 रुपये नगद बरामद किए गए।

बार संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में पुलिस ने बार संचालक के खिलाफ धारा 223 बीएनएस और धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस ने बार में तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका को भी गंभीरता से लेते हुए उसके खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस पूरे मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि शुष्क दिवस के बावजूद बार से शराब बाहर निकालकर बिक्री कैसे की जा रही थी।

लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की तैयारी

शुष्क दिवस के सरकारी आदेश के साथ-साथ आबकारी लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन को लेकर आबकारी विभाग को अलग से प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। इसके आधार पर प्लैटिनम बार के लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद अब यह मामला राजधानी में चर्चा का विषय बना हुआ है। शुष्क दिवस के दौरान शराब बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद सामने आए इस मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित विभागों की जांच के आधार पर की जाएगी।

Latest News

रायगढ़ में वन तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; ओडिशा से हरियाणा तक फैला था नेटवर्क

रायगढ़। जिले के वन क्षेत्रों से खैर और तेंदू प्रजाति की लकड़ियों की अवैध कटाई, भंडारण और दूसरे राज्यों...

More Articles Like This