रायपुर। राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि से लेकर दशहरे तक मनाए जाने वाले ये पर्व हमें शक्ति, सत्य, धर्म और सद्भाव का संदेश देते हैं।
वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना के माध्यम से शक्ति की उपासना की जाती है। यह पर्व हमें अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानने और समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की प्रेरणा देता है।
विजयादशमी को लेकर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की रावण पर विजय केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि जीवन के लिए बड़ा संदेश है। रावण का अहंकार और उसकी शक्ति भी उसे विनाश से नहीं बचा सकी। इससे यह सीख मिलती है कि अहंकार का अंत निश्चित है और सत्य की हमेशा जीत होती है।
तोमर ने कहा कि दशहरे के अवसर पर हमें अपने भीतर के क्रोध, अहंकार, ईर्ष्या और अन्य नकारात्मक प्रवृत्तियों को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्व तभी सार्थक होगा, जब हम इसके संदेश को अपने व्यवहार और जीवन में उतारेंगे।
उन्होंने शस्त्र पूजन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शक्ति का उद्देश्य समाज की रक्षा और धर्म की स्थापना होना चाहिए। साथ ही उन्होंने मां दुर्गा से देश, प्रदेश और पूरे विश्व के कल्याण की प्रार्थना करते हुए सभी को नवरात्रि और विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

