Monday, October 19, 2026
No menu items!

ट्रांसपोर्ट कारोबारी का अपहरण, काली स्कॉर्पियो में जबरन ले गए तीन लोग; मोबाइल बंद

Must Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना खमतराई थाना क्षेत्र के डीएम टावर के पास की बताई जा रही है, जहां काले रंग की स्कॉर्पियो में पहुंचे तीन लोगों ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद खमतराई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

खाना खाने के लिए डीएम टावर पहुंचे थे कारोबारी

जानकारी के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:28 बजे की बताई जा रही है। प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के बहाने नीचे बुलाया।

बताया जा रहा है कि नीचे पहुंचने के बाद तीन लोगों ने उन्हें काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाया और वाहन से वहां से निकल गए। घटना के बाद जब परिजनों ने प्रतीक राय से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल बंद मिला।

पत्नी ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

कारोबारी के लापता होने के बाद उनकी पत्नी अनिता राय खमतराई थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के लिए काले रंग की स्कॉर्पियो का नंबर UP 32 RR 7454 जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह वाहन उत्तर प्रदेश पासिंग का है। कॉलोनी के एक युवक ने तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।

मोबाइल नंबर और स्कॉर्पियो के जरिए जांच

पुलिस अब संदिग्ध मोबाइल नंबरों और स्कॉर्पियो की जानकारी के आधार पर कारोबारी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

खमतराई पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि कारोबारी को ले जाने वाले लोगों और वाहन की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

अपहरण की वजह अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल प्रतीक राय को किस वजह से अपने साथ ले जाया गया और उनके साथ कौन लोग थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। कारोबारी की मौजूदा स्थिति को लेकर भी पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस संदिग्धों की पहचान, वाहन की लोकेशन और मोबाइल नंबरों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Latest News

रावण दहन को लेकर विवाद, रामलीला समितियों को पत्र भेजने पर क्षत्रिय मूलनिवासी महासंघ ने जताई आपत्ति

विजयादशमी पर रावण दहन को लेकर मध्य प्रदेश के उज्जैन में विवाद सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,...

More Articles Like This