जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में बैठने की जगह को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नया बस स्टैंड क्षेत्र में शराब दुकान के पास दो पक्षों के युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू सीने में हार्ट के करीब लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास एक वेल्डिंग की दुकान है। दुकान के सामने खाली जगह पर बैठने को लेकर दो अलग-अलग गुटों के युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर गुस्से में आकर मोनू पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू सीने में हार्ट के करीब लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।
हालांकि, युवक की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
आरोपी गिरफ्तार, अन्य लोगों की भूमिका की जांच
जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में विवाद खाली जगह पर बैठने को लेकर होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव
चाकूबाजी की घटना के बाद नया बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

