रायपुर। छत्तीसगढ़ में क्षत्रिय करणी सेना ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत और छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं किसान नेता वीरेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में विभिन्न प्रकोष्ठों को सक्रिय करने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में ममता द्विवेदी को क्षत्रिय करणी सेना के सनातन प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया है।
ममता द्विवेदी मूल रूप से रायपुर की रहने वाली हैं और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। शिक्षक के रूप में उनकी पृष्ठभूमि को देखते हुए संगठन ने उन्हें सनातन प्रकोष्ठ जैसे महत्वपूर्ण दायित्व के लिए चुना है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे संगठन के कार्यों को प्रदेश स्तर पर आगे बढ़ाने और प्रकोष्ठ की गतिविधियों को मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए अलग-अलग प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। इन प्रकोष्ठों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने की योजना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य प्रकोष्ठों में भी पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जाएंगी।
संगठन की ओर से लगातार किए जा रहे विस्तार को प्रदेश में करणी सेना की गतिविधियों को नए स्तर पर ले जाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। आगामी दिनों में विभिन्न प्रकोष्ठों में नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ संगठनात्मक ढांचे को और व्यापक बनाने की तैयारी है।

